सभी लेख

ऐसे कैप्शन कैसे लिखें जो आपकी तरह लगें

chitra2 मिनटEnglish में पढ़ें
Weekend thali post for a restaurant with the price and timings
इस लेख में

ज़्यादातर कैप्शन दो ही तरह से बिगड़ते हैं। या तो वे कुछ कहते ही नहीं (“नया कलेक्शन ✨”), या सब कुछ एक साथ कह देते हैं — इतने लंबे पैराग्राफ़ में कि कोई पूरा पढ़ता ही नहीं।

फ़ोन पर कैप्शन की सिर्फ़ डेढ़ लाइन दिखती है, उसके बाद कट जाता है। असल में आपको उतनी ही जगह के लिए लिखना है।

एक ढाँचा जो चलता है

तीन हिस्से, इसी क्रम में:

  1. चीज़ क्या है। सीधे शब्दों में। “वीकेंड थाली, ₹249।”
  2. एक काम की बात। अभी क्यों, या इसमें ख़ास क्या है। “आठ चीज़ें, हर शनिवार बदलती हैं।”
  3. अब करना क्या है। फ़ोन कीजिए, आइए, मैसेज कीजिए, ऑर्डर कीजिए। सीधे कहिए।

बस इतना। दो-तीन छोटी लाइनें। बाक़ी सब मर्ज़ी की बात है।

ज़रूरी शब्द सबसे पहले

कैप्शन कटता है, इसलिए शुरू के कुछ शब्द ही पूरा बोझ उठाते हैं। “वीकेंड थाली ₹249 में” कटने के बाद भी काम करता है। “हमें यह बताते हुए बहुत ख़ुशी हो रही है कि इस वीकेंड…” नहीं करता।

दाम लिख दीजिए

दुकानें दाम इसलिए छिपाती हैं कि कहीं ग्राहक भाग न जाए। होता उल्टा है। “दाम के लिए मैसेज कीजिए” लिखना उस आदमी को गँवाने का सबसे तेज़ तरीक़ा है जिसकी दिलचस्पी हल्की सी थी। दाम अच्छा है तो वही आपकी सबसे अच्छी लाइन है। दाम ज़्यादा है तो जो लोग मैसेज करेंगे, वे वैसे भी ख़रीदने वाले थे।

बोलकर लिखिए

कैप्शन ऐसे पढ़िए जैसे सामने कोई पुराना ग्राहक खड़ा हो। अगर किताबी लगे, तो उन्हीं शब्दों में दोबारा लिखिए जो आप बोलते हैं। ब्रांड के अंदाज़ की पूरी बात इसी एक जाँच में आ जाती है।

चित्र यहाँ कहाँ आता है

हर पोस्ट अपने कैप्शन और हैशटैग के साथ आती है, उसी अंदाज़ में जो आपने ब्रांड किट में तय किया है। सेव करने से पहले कैप्शन सीधे बदल भी सकते हैं — ज़्यादातर लोग एक-दो शब्द बदलते हैं, अपना फ़ोन नंबर जोड़ते हैं, और पोस्ट कर देते हैं।

अगर पूरी बात ही ग़लत लगे, तो शब्दों से जूझने की जगह चैट में दूसरा वर्ज़न माँग लीजिए। जल्दी होता है।

पोस्ट करने से पहले जाँच लीजिए

कैप्शन AI लिखता है, इसलिए भेजने से पहले जानकारी पढ़ लीजिए। दाम, तारीख़, समय और अपनी दुकान के बारे में हर दावा जाँचना आपका काम है — यह हमने AI डिस्क्लोज़र पेज पर भी लिखा है और इसे गंभीरता से लेना चाहिए। कैप्शन में ग़लत दाम पूरी दोपहर ख़राब कर देता है।

आगे: हैशटैग, और कम क्यों बेहतर है।

और पढ़िए

Thank you post celebrating ten thousand followers
क्या पोस्ट करें2 मिनट

भारतीय छोटे कारोबारों के लिए हैशटैग: कम, पर सही

मोहल्ले की दुकान की पोस्ट पर तीस हैशटैग लगभग कुछ नहीं करते। इसकी जगह क्या लगाएँ, और #love से ज़्यादा आपके शहर का नाम क्यों काम आता है।

Opening hours post for a small business
क्या पोस्ट करें2 मिनट

जब बेचने को कुछ ख़ास न हो तो क्या पोस्ट करें

हर हफ़्ते छूट नहीं दी जा सकती। ये नौ पोस्ट बिना ऑफ़र के भी आपका पेज चलता रखती हैं, और सारी चीज़ें आपके पास पहले से हैं।

Raksha Bandhan collection post written in Hindi
आपके कारोबार के लिए2 मिनट

हिंदी में पोस्ट करना (और आठ और भारतीय भाषाओं में)

आपके सारे ग्राहक अंग्रेज़ी नहीं पढ़ते। किस भाषा में पोस्ट करें यह कैसे तय करें, और टाइप करने से बोलना तेज़ क्यों है।